सादाबाद के सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल के खिलाफ सादाबाद के ज्युडिशियिल मजिस्ट्रेट न्यायालय से जारी हुआ गैर जमानती वारंट नौ दिन बीत जाने के बाद आखिरकार सदर कोतवाली पुलिस तक पहुंच गया। वारंट 27 जुलाई को ही कोर्ट से जारी हो गया था।
विधायक के विरुद्ध आठ साल पहले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर तेल का डिपो चलाने के आरोप में सहपऊ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। यह मामला तीन थानों की पुलिस से जुड़ा हुआ था। चूंकि मुकदमा सहपऊ में दर्ज किया गया था, इसलिए जब सहपऊ पुलिस से वारंट पहुंचने के बारे में पूछा गया तो एसओ मोहम्मद असलम ने कहा कि मामले की विवेचना ईओडब्ल्यू (इकोनॉमिक आफेंस विंग) ने की थी।
अब कोर्ट वारंट को वहीं तामील कराएगी, जहां आरोपी रहता है। देवेंद्र अग्रवाल मूल रूप से चंदपा थाना क्षेत्र के बिसाने के रहने वाले हैं, इसलिए चंदपा के इंस्पेक्टर एके सिंह ने वारंट के बारे में पूछने पर कहा कि मुकदमा सहपऊ में दर्ज हुआ था, इसलिए वारंट वहीं पहुंचेगा। हालांकि वारंट शनिवार शाम को सदर कोतवाली पहुंच गया।
विधायक देवेंद्र अग्रवाल का एक घर आगरा रोड पर कंचन नगर में भी है, जो सदर कोतवाली क्षेत्र में आता है। सदर कोतवाल मनोज शर्मा ने वारंट प्राप्त होने की पुष्टि की है और कहा कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन किया जाएगा। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।