कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पूर्व प्रधान की पुत्री पर भूत प्रेत का साया बताकर कई माह तक दुष्कर्म करने के आरोपी रिश्ते के नाना को हसायन पुलिस ने नगला रति से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि क्षेत्र के एक गांव के पूर्व प्रधान की पत्नी के मौसरे चाचा ने पूर्व प्रधान की पुत्री की बीमारी का फायदा उठाया और उस पर ऊपरी चक्कर बताकर इलाज के नाम पर उसे बेहोश करके उससे दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने तांत्रिक नाना की घिनौनी हरकत का विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी ने किशोरी को उसके पूरे परिवार को घर पर ही तंत्र विद्या से समाप्त करने की धमकी देकर भयभीत कर दिया।
तांत्रिक ने किशोरी को गांव ले जाकर कई माह तक अपने पुत्र के साथ मिलकर उससे दुष्कर्म किया। एसएचओ ने बताया कि गर्भ ठहर जाने पर आरोपी और उसके पुत्र ने किशोरी को दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। कोतवाल ने बताया कि हालत बिगड़ने पर किशोरी ने अपनी मां को पूरी घटना से अवगत कराया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी मगर पुलिस को आरोपी घर पर नहीं मिला।
जब बुधवार को पुलिस दबिश देकर लौट रही थी तो पूर्व प्रधान ने पुलिस को सूचना दी कि दुष्कर्म का मुख्य आरोपी नाना नगला रति पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने आरोपी रामप्रकाश पुत्र नेकसे को दबोच लिया और कोतवाली लाकर उससे पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।