शहर के एक दाल कारोबारी के यहां सोमवार रात को मुंबई पुलिस ने दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लेकर सदर कोतवाली ले आई। कारोबारी पर 35 लाख रुपये का माल पचाने का आरोप है। कारोबारी को हिरासत में लिए जाने के बाद शहर के तमाम बड़े व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हो रही थी।
पुलिस के मुताबिक शहर के दाल कारोबारी ने कुछ समय पहले मुंबई से 35 लाख रुपये की दाल मंगाई थी। दाल की क्वालिटी कुछ घटिया थी। इससे नाराज कारोबारी ने मुंबई की फर्म का पेमेंट रोक लिया। इसे लेकर मुंबई और हाथरस के कारोबारी के बीच जमकर कहासुनी हुई।
हाथरस के कारोबारी ने मुुंबई की फर्म को मंगाए गए माल का पेमेंट नहीं किया। इस पर मुंबई कारोबारी ने आरोपी के विरुद्ध मुंबई में ही धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सोमवार को मुंबई पुलिस यहां पहुंची और कारोबारी को हिरासत में ले लिया। कारोबारी को हिरासत में लिए जाने पर शहर के कारोबारियों में खलबली मच गई।
शहर के कई प्रमुख व्यापारी नेता सदर कोतवाली पहुंच गए और कारोबारी को छुड़ाने के लिए समझौते की कोशिश में जुट गए। सदर कोतवाल जसपाल सिंह पंवार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का मामला है। दोनों पक्ष समझौता करने के लिए आपस में बातचीत कर रहे हैं। देर रात तक समझौते की कोशिशें जारी थीं।