हाथरस। आगरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस से चोरों ने शुक्रवार रात लाखों रुपये की नकदी और जेवरातों से भरा बैग पार कर दिया। चोरी का पता चलते ही वर पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। शादी को भूल सभी बैग को तलाशने में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी बैग को तलाश करने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। शादी होने के बाद शनिवार सुबह दूल्हे के बड़े भाई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इससे पहले भी कई बार चोर गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान चोरी को अंजाम दे चुके हैं।
मेंडू निवासी अनिल कुमार अग्रवाल ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा है कि उनके छोटे भाई गोपाल अग्रवाल की शादी गिजरौली स्थित एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार को संपन्न हो रही थी। अनिल कुमार के पास एक बैग था। इस बैग में दो लाख रुपये नगद, भेंट में दिए गए लिफाफे, दुल्हन को चढ़ाने के लिए सोने का एक गले का हार, कान के दो कुंडल, एक अंगूठी, चार चूड़ी, एक गले का पेंडल, दो नथ थे। इसके अलावा चांदी के आभूषण भी थे। रात करीब साढ़े दस बजे अनिल कुमार अग्रवाल ने बैग अपनी पत्नी को दिया और वह शर्ट बदलने चले गए। इसी बीच किसी ने बैग चोरी कर लिया। चोरी के बाद वर पक्ष में खलबली मच गई। चोरी गए जेवरात और नकदी लाखों में बताई जा रही है। अनिल कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन लगाया। मोबाइल कोबरा पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी शुरू की गई। कई रिश्तेदारों और मेहमानों से पूछताछ भी हुई। सदर कोतवाली मनोज शर्मा का कहना है कि गेस्ट हाउस की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गईं हैं। एक-दो लोगों पर संदेह है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोर पुलिस की पकड़ में होंगे।