आवास विकास कॉलोनी में दो बंद मकानों को चोरों ने निशाना बना लिया। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में चंदपा क्षेत्र के गांव बघना के लक्ष्मण सिंह पुत्र तेज सिंह का मकान है। इनके घर के पास ही विनोद शर्मा पुत्र हरीशंकर का मकान है। लक्ष्मण सिंह पिछले चार दिनों से अपने गांव गए हुए थे, वहीं विनोद शर्मा भी परिवार के साथ रिश्तेदारी में भिवाड़ी गए हुए थे। चोरों ने गुरुवार रात दोनों के मकान को निशाना बनाया। लक्ष्मण सिंह के मकान से चोर तीन लाख रुपये के जेवरात, पांच हजार रुपये ले गए। वहीं चोरों ने विनोद शर्मा के मकान से भी एक से डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदातों को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।