क्षेत्र में कलवारी रोड पर स्थित गणेश सिटी कॉलोनी में चोरों ने एक फौजी के बंद मकान में सेंध लगा दी और लाखों के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। फौजी अपनी मां के त्रयोदशी संस्कार में परिवार के साथ पैतृक गांव गया हुआ था। चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के गांव झींगुरा निवासी राजेंद्र कुमार सिंह पुत्र उमराव सिंह महाराष्ट्र में आर्मी में सूबेदार मेजर के पद पर तैनात हैं। उनका एक बेटा भी सेना में है। दो बेटे प्राइवेट कंपनियों में कार्यरत हैं। सूबेदार राजेंद्र कुमार का एक मकान सदर कोतवाली क्षेत्र के गिजरौली के पास कलवारी रोड पर गणेश सिटी कॉलोनी में भी है। हाल ही में छह दिसंबर को राजेंद्र की मां का देहांत हो गया। शनिवार को गांव झींगुरा में त्रयोदशी संस्कार होना था। शुक्रवार को ही पूरा परिवार घर का ताला लगाकर झींगुरा चला गया था।
चोरों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए देर रात ताला तोड़कर घर में सेंध लगा दी। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने राजेंद्र कुमार को घर में चोरी की सूचना दी। राजेंद्र कुमार के मुताबिक चोर घर में रखे 20 तोले सोने के जेवर, दो किलो चांदी और 47 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। पुलिस जांच पड़ताल के बाद मामले में मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।