मालती पुरम कॉलोनी में महिला की संदिग्ध मौत के बाद जानकारी करते सीओ सिटी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र की मालतीपुरम कॉलोनी में एक विवाहिता की शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस को उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। वहीं मृतका के परिजनों ने ससुरालीजनोें पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
थाना हाथरस गेट क्षेत्र की मालतीपुरम कॉलोनी निवासी कौशलकिशोर की शादी वीरवती निवासी रामनगर थाना सिकंदराराऊ के साथ 7 जुलाई 2006 को हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। शनिवार की दोपहर मालतीपुरम में वीरमती का शव उसी के घर में फांसी के फंदे से लटका मिला तो वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर सीओ सिटी के अलावा हाथरस गेट कोतवाली के एसएसआई विपिन यादव भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृत महिला के परिजन भी वहां आ गए।
मृतका के भाई रामबाबू का आरोप है कि उसकी बहन को उसका बहनोई कौशल किशोर व अन्य ससुरालीजन दहेज की मांग कोे लेकर प्रताड़ित करते थे। पूर्व में भी इन लोगों ने उसकी बहन को दहेज की मांग पूरी न होने पर घर से निकाल दिया था। दो साल पहले यह लोग उसकी बहन को राजीनामा कर घर ले गए थे। रामबाबू का आरोप है कि शनिवार को इन लोगों ने गला दबाकर मारपीट कर उसकी बहन की हत्या कर दी और चुनरी का गले में फंदा लगा फांसी पर लटका दिया। तहरीर में पति कौशल किशोर व अन्य ससुरालीजनोें को आरोपित किया है। इधर, इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद अगली कार्रवाई करेगी।