हाथरस। एक तरफा प्यार में पागल एक सिरफिरे आशिक की हरकतों से 11वीं की छात्रा बुरी तरह डरी हुई है। उसके डर से लड़की ने कॉलेज जाना भी बंद कर दिया है। हाल ही में आरोपी लड़की का अपहरण करने के इरादे से उसके घर में कूद गया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस को शिकायत की गई है। यह लड़का पिछले एक साल से इस लड़की के पीछे पड़ा है। कई घंटे तक कॉलेज के बाहर खड़ा रहता है। इसलिए लड़की ने घर से चंद कदमों की दूरी पर मौजूद अपने कॉलेज तक जाना बंद कर दिया। बात यहीं नहीं रुकी, दो दिन पहले साइको लवर तमंचा लेकर छत के रास्ते लड़की के घर में कूद गया। लड़की का हाथ पकड़कर उसे अपने घर ले जाना लगा। परिजनों ने हाथ जोड़कर किसी तरह अपनी बेटी को उसके चंगुल से बचाया। इस वाकये के बाद परिजनों ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। एडीशनल एसपी अजय शंकर राय से मिलकर परिजनों ने बताया कि आरोपी सिरफिरे दिमाग का है। वह लड़की के न मानने पर उसके पिता और भाई के कत्ल की धमकी दे रहा है। इससे पहले पांच फरवरी को वह लड़की के तहेरे भाई की शादी के दिन गेस्ट हाउस पहुंच गया था। वहां भी उसकी परिजनों से मारपीट हुई। इससे पहले आरोपी ने छत के रास्ते लड़की को इशारे किए थे जिस पर परिजनों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया था। लिखित रूप से माफी मांगने और समझौता होने पर उसे पुलिस ने छोड़ दिया था। एडीशनल एसपी ने परिजनों को सदर कोतवाली भेजा। यहां कोतवाली पुलिस को परिजनों ने तहरीर दी है। कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि उन्हें तहरीर मिली है। जल्द इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।