हाथरस। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाई नगला में दो समुदायों में जातिसूचक गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ, जिससे मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। मौके पर काफी भीड़ लग गई। इस संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी गई है।पुलिस के अनुसार अतिसंवेदनशील मोहल्ला लाला का नगला में एक समुदाय के कुछ युवाओं के बीच आपसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद इस समुदाय के कुछ युवक मोहल्ला नाई का नगला में आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने यहां रह रहे लोगों से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू की। इसे लेकर मोहल्ले के दूसरे समुदाय के लोगों से इन युवाओं से नोक-झोंक भी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसकी जानकारी देते हुए नाई का नगला के लोगों ने पुलिस को एक शिकायत सौंपी है। इसमें एक समुदाय के युवकों को नामजद करते हुए तहरीर सौंपी है। कोतवाली सदर के निरीक्षक मनोज शर्मा का कहना है कि झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। अब वहां पूरी तरह शांति है। तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।