हाथरस। शहर कोतवाली के बाहर खड़ी एआरटीओ द्वारा सीज की गई बस से सामान चोरी हो गया। जब एआरटीओ को जुर्माना अदा करने के बाद जब बस स्वामी इसे लेने पहुंचे तो इसके इंजन से काफी सामान गायब था। बस स्वामी ने आक्रोश प्रकट करते हुए इसकी कोतवाली पुलिस से तीन लाख का सामान चोरी होने की शिकायत की है।एआरटीओ हाथरस ने गत 21 अक्तूबर, 2015 को बस संख्या यूपी 83 टी-5027 को आवश्यक कागजात नहीं होने के कारण सीज कर दिया था। इस बस को शहर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। बस मालिक राहुल देव निवासी सुहागनगर नगर कोतवाली दक्षिण फीरोजाबाद का कहना था कि जब बस खड़ी की गई थी। उस समय चालू हालत में थी, लेकिन जब इस बस को न्यायालय से रिलीज कराया गया और कोतवाली लेने पहुंचे तो बस को देखा कि इसके इंजन का आधे से ज्यादा सामान चोरी कर लिया गया है। बस स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बस के इंजन से करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी करने की पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि चोरों का पता लगाकर घटना के संबंध में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।