हाथरस। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में संसद पर हमला करने के आरोपी आंतकी अफजल गुरु की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में भारत विरोधी नारे लगाने, कश्मीर को आाजाद करने की मांग करने और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़कों पर उतर आए़। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मंडी समिति के निकट जेएनयू के कुलपति का पुतला फूंका। मंच के प्रदेश मंत्री अभिषेक रंजन आर्य ने कहा कि जेएनयू की घटना देशद्रोह की पराकाष्ठा है। जेएनयू में अफजल गुरु की बरसी मनाने वालों व कश्मीर की आजादी की मांग करने वाले तथा पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकद्दमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जानी चाहिए। जिला कोषाध्यक्ष मनोज उपाध्याय, जिला महामंत्री संजय सिन्हा ने भी विचार रखे। इस मौके पर नगर अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, सुदर्शन शर्मा, मनोज शर्मा, शिवशंकर गुलाठी, ललित कुमार, बॉबी यादव, हीरालाल, महेश शर्मा, अनिल शर्मा, अमित कुलश्रेष्ठ, विनोद दिवाकर आदि मौजूद थे।