हाथरस। शहर में लाला का नगला और सिकंदराराऊ कस्बे में बीते दिनों शांति को पलीता लगने के बाद एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने दोनों ही जगह के चौकी प्रभारियों को हटा दिया है। एसपी ने साफ किया है कि जिस इलाके की शांति भंग होगी, वहां के चौकी इंचार्ज पर गाज गिरना तय है।
एसपी ने लाला के नगला के चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार को हटाकर मुरसान गेट का चौकी इंचार्ज बनाया है। बिसावर चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार को लाला के नगला का चौकी इंचार्ज बनाया गया है। वहीं दबंग दरोगा कहे जाने वाले विपिन यादव को कचौरा चौकी इंचार्ज से सिकंदराराऊ की कस्बा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। यहां शांति व्यवस्था कायम रखने में नाकाम रहे संजय सिंह को बिसावर चौकी दी गई है। इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात दरोगा सुशील चंद को पुरदिलनगर चौकी का प्रभारी बनाया है। मालूम हो कि लाला के नगला में दो दिन लगातार शांति भंग हुई और सांप्रदायिक झगड़े की आशंका पैदा हो गई। वहीं सिकंदराराऊ में भी पिछले कई दिनों से तनाव बना हुआ है। दोनों ही जगह झगड़े के बाद एसपी ने कार्रवाई के संकेत दिए थे। इस कार्रवाई के बाद बाकी चौकी इंचार्ज के भी कान खड़े हो गए हैं।
भाजपाई और हिंदूवादियों पहुंचे लाला का नगला
हाथरस। लाला के नगला में हुई घटना को अब राजनीतिक और सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और हिंदूवादी नेताओं ने शुक्रवार को लाला के नगला में हुई फायरिंग में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। मौके पर पहुंचने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार, पूर्व विधायक हरीशंकर माहौर, चेयरमैन पति वासुदेव माहौर, सभासद धीरज जैन, अशोक अग्रवाल, सत्यपाल सिंह मदनावत, मुकेश कौशिक, वंशी पंडित, मोहन पंडित, मुकेश पौरुष, फूलचंद्र वार्ष्णेय, संजय सक्सेना, शिवशंकर गुलाठी, सुनीत आर्य आदि अनेक भाजपाई और हिंदूवादी थे। वासुदेव माहौर ने घायल को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। बाद में भाजपाई कोतवाली निरीक्षक मनोज शर्मा से भी मिले। कोतवाल का कहना है कि झगड़ा करने वाले दोनों पक्ष मुस्लिम थे। इनके बीच हुई फायरिंग में तीन दूसरे समुदाय के लोग जख्मी हो गए थे। इसे अब राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। कोतवाल ने आश्वस्त किया कि आरोपियाें के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है। इस मामले में झगड़ा करने वाले एक ही समुदाय के हैं। इसमें सांप्रदायिक झगड़े जैसी कोई बात नहीं।
पुलिस बल तैनात, चारों आरोपी गए जेल
हाथरस। लाला के नगला में झगड़े के चार नामजद आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। आरोपी जाकिर, सईद, असगर और सगीर को पुलिस ने झगड़े के बाद मौके से गिरफ्तार किया था। दूसरी तरफ, क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है। लोग घरों से नहीं निकल रहे। पीएसी और पुलिस बल तैनात है। चूंकि इलाके के सौ के करीब लोग झगड़े में आरोपी हैं, इसलिए कई घरों पर ताले लटके हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। रात में उनके घरों पर दबिश दी जा रही है।