सादाबाद। ब्लाक प्रमुख चुनाव से एक दिन पहले शनिवार को नाम वापसी को लेकर ब्लाक परिसर में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई।बता दें कि शुक्रवार को रालोद के वरिष्ठ नेता गिरेंद्र चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी व नगला चौधरी निवासी सुखवीर पुत्र पूरन सिंह ने ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए नामाकंन किया था। शनिवार को नामाकंन वापसी का दिन था। किसी तरह रालोद के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने सुखवीर सिंह को पर्चा वापस लेने के लिए राजी कर लिया। जब यह नेता सुखवीर को साथ लेकर ब्लाक पर पहुंचे तो इसी दौरान वहां सुखवीर सिंह का छोटा भाई भी पहुंच गया और पर्चा वापसी का विरोध करते हुए अपने भाई सुखवीर सिंह से भिड़ गया और बोला कि पर्चा वापस नहीं होगा। चर्चा है कि आवेश में आए सुखवीर के भाई ने जेब से हथियार भी निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान वहां हंगामा होने की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने पुलिस कर्मियों के साथ उसे दबोच लिया। नेताओं ने उसे समझाने का काफी प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस के पहुंचने के बाद हंगामा तो शांत हो गया, लेकिन पर्चा वापसी का समय निकलने के कारण पर्चा वापस नहीं हो सका। बाद में पुलिस ने हंगामा करने वाले को छोड़ दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी महेशचंद्र यादव ने बताया कि हंगामा तो हुआ था, लेकिन प्रत्याशी के भाई के पास से कोई हथियार नहीं मिला।