धमाके के बाद फटी हुई छत को देख्ाते एएसपी व एसडीएम सदर।
- फोटो : Amar Ujala
शहर के मोहल्ला नवीपुर के एक घर में मंगलवार की सुबह आतिशबाजी में अचानक आग लग गई, जिससे पूरा इलाका तेज धमाकों से दहल उठा। एक के बाद एक दो धमाके हुए। धमाके इतने जबर्दस्त थे कि मकान की छत उखड़ गई। घटना में मकान मालिक जवाहर गंभीर रूप से झुलस गया। उसको उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने आतिशबाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के नवीपुर कलां में जवाहर अपने मकान में आतिशबाजी बनाने का कारोबार करता था। यह कारोबार वह लंबे समय से अपने आवास में ही छत पर कर रहा था। मंगलवार को अचानक इस बारूद में आग लग गई, जिससे देखते ही देखते दो जबर्दस्त धमाके हुए। धमाकों से मकान की छत उखड़ने से साथ-साथ कई अन्य जगहों पर दरारें पड़ गईं। धमाके इतने तीव्र थे कि इनसे आसपास के मकान भी हिल गए।
मारे दहशत के लोग यह सोचकर घरों से बाहर निकल आए कि कहीं भूकंप के झटके तो नहीं लग रहे। सूचना पर कोतवाल सदर जसपाल पंवार खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस दौरान घायल जवाहर को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। एएसपी डॉ. अरविंद कुमार, एसडीएम अरुण्ा कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।