दीपेंद्र उर्फ कृष्णा का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। बुआ को बचाने के लिए पहुंचे भतीजे को फूफा ने गोली से उड़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने हमलावर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ भिजवा दिया। हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रायफल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली सदर क्षेत्रान्तर्गत चक्की बाजार निवासी अजेंद्र सिंह एडवोकेट की सगी बहन सीमा (35 वर्ष) की शादी 10 साल पहले अरविंद पुत्र भगवान सिंह निवासी एवरनपुर हाल निवासी इंदिरा नगर कॉलोनी थाना हाथरस गेट के साथ हुई थी। अरविंद यहां वसुंधरा ग्रुप में अकाउंटेट हैं। सीमा के दो बच्चियां ही हुईं। आरोप है कि अरविंद व अन्य ससुरालीजन सीमा को बेटे न होने का ताना देते थे और उससे मारपीट करते थे। गुरुवार की शाम को शराब के नशे में सीमा से अरविंद मारपीट कर रहा था तो सीमा ने अपनी मायका में सूचना दे दी। सीमा का भतीजा दीपेंद्र उर्फ कृष्णा (17 वर्ष) पुत्र अजेंद्र सिंह निवासी चक्की बाजार अपनी मौसी के लड़के लक्की व एक अन्य कन्नू के साथ वहां पहुंचा।
भतीजा ने जब सीमा को बचाने की कोशिश की तो अरविंद व उसके परिजनों ने इनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान अरविंद अपनी लाइसेंसी रायफल से कृष्णा पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान वहां कृष्णा के पिता अजेंद्र सिंह व उसके साथ कुछ लोग पहुंच गए। कृष्णा को घायल देख इन लोगों ने अरविंद को रायफल की बटों व लात-घूसों से पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने अरविंद को उपचार के लिए अलीगढ़ भिजवा दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।