सासनी। गांव खिटौली में सोमवार दोपहर विद्युत चिनगारी से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे खेत में खड़ी 16 बीघा गेहूं की फसल एवं पड़ोस के खेत में रखा भूसा जल कर राख हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने चैन की सांस ली।
सासनी-विजयगढ़ की सीमा पर स्थित गांव खिटौली निवासी अमर सिंह पुत्र नेत्रपाल के 2 बीघा खेत में तथा नन्नूमल पुत्र भूदेव के 14 बीघा खेत में गेहूं की फसल खड़ी थी। पड़ोस में लाला का नगला थाना विजयगढ़ निवासी श्यौराज सिंह पुत्र सुल्तान सिंह के खेत में गेहूं का भूसा था। खेतों से होकर हाइटेंशन विद्युत लाइन जा रही है। सोमवार की दोपहर तेज हवा के झोकों से लाइन के तार आपस में टकरा गए। इससे फाल्ट हुआ और चिनगारी से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वहीं, पास खेतों में काम कर रहे मजदूर एवं कृषकों ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पडे़। पुलिस को सूचना देकर दमकल बुलाई। इसके बाद आग पर काबू पाया गया।