बिसाना में नौकर द्वारा मालकिन की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गंभीर पट्टी बिसाना में शनिवार की सुबह जो घटना हुई, उससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। मधु के परिजनोें ने कभी यह सपने में भी नहीं सोचा था महज जरा सी बात पर उनके घर में उनका नौकर जॉनी ही घर की मालकिन की जान ले लेगा। जॉनी को पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले आई, लेकिन तीन साल से जॉनी जिस घर में नौकर बनकर रह रहा था, खुद उस घर के लोगों को ही यह पता नहीं था कि आखिर वह कहां का रहने वाला है और उसका असली नाम क्या है। क्या वह मानसिक रोगी है, जिसे अपना पिछला कुछ भी याद नहीं है या फिर जानबूझकर वह नाटक कर रहा है। बहरहाल, पुलिस रविवार को डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद कोर्ट में पेश करेगी। तब सबकी टकटकी इस पर होगी कि जॉनी नाम का यह शख्स क्या जेल जाएगा या फिर मानसिक आरोग्यशाला। तीन साल पहले बेसहारा और आवारा घूमते हुए एक युवक को गांव बिसाना गंभीर पट्टी के पूर्व प्रधान चंद्रपाल ने आसरा दिया। इस युवक को मानसिक अस्वस्थ समझकर अपने घर में नौकर की हैसियत से रख लिया। वह घर का कामकाज करने लगा। घर में वह काम करता और खाता-पीता। उसने पहनने व अन्य सुविधाओं का ध्यान भी चंद्रपाल और उनके परिजन ही रखते थे। कई बार इन लोगों ने उसे कुरेदा भी कि आखिर वह कहां का रहने वाला है, लेकिन जॉनी खामोश हो जाता। यह लोग यही समझते कि वह मानसिक अस्वस्थ है। ऐसे में इन लोगों ने उसे जॉनी नाम दे लिया। उसके पिछले जीवन के बारे में झांकने की कोशिश नहीं की। इन लोगों ने यह भी पता नहीं किया कि जॉनी की आईडी क्या है। अब शनिवार को जब जॉनी ने एक क्रूर घटना को अंजाम दे दिया और उसे पुलिस ने पकड़ लिया। तब सभी ने उससे पूछताछ की, लेकिन जॉनी अपना असली नाम ही नहीं बता सका। कई बार उसने नाम बताए भी तो बदल-बदलकर। पता भी वह नहीं बता सका। बस टूटे शब्दों में ही दोहराता रहा कि उसने इसलिए मालकिन को मारा, क्योंकि ज्यादा काम कराती थी। कोतवाली चंदपा के निरीक्षक का कहना है कि डॉक्टरी परीक्षण के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, वहां से जो आदेश होगा। उस पर अमल किया जाएगा।