हाथरस। शहर के रूई की मंडी बाजार से दो शातिर एक सर्राफ के यहां से करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात उसकी आंखों के सामने से ही पार कर ले गए। इन दोनों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। सराफा कारोबारी ने इस बारे में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन व दोनों शातिरोें की तलाश में लगी है।
स्थानीय रूई की मंडी में राजेश कुमार की कन्हैया जी मंदिर के बराबर में सर्राफ की दुकान है। मंगलवार की सुबह 10 बजे दो युवक उनकी दुकान पर आए और उनसे चांदी का ताबीज मांगा। राजेश ने यह ताबीज उन्हें दे दिया। इसी बीच दोनों युवक उनके कुछ और जेवरात दिखाने की मांग करने लगे। इस पर राजेश ने उन्हें और जेवरात दिखाए। बातों की बातों में मोल-भाव करते-करते इन दोनों युवकों ने झुमकी के सेट की डिब्बी वहां से पार कर दी और इसका उस समय राजेश को अहसास नहीं हो सका।
वहां से यह युवक चले गए। इसी दौरान राजेश को यह अहसास हुआ कि दोनों शातिरों ने कोई गड़बड़ी की और उन्होंने अपने जेवरात चेक किए तो कुछ जेवरात कम निकले। शातिर उनकी दुकान से करीब सवा लाख रुपये के जेवरात पार कर ले जा चुके थे। उन्होंने इन दोनों की पहचान अपने सामने लगे एक अन्य शो रूम के सीसीटीवी कैमरे में की तो दोनों के चेहरे वहां दिखाई दे गए। उन्होंने इन दोनों को शहर में तलाशा भी लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। उन्होंने इस सिलसिले में थाना कोतवाली हाथरस में तहरीर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी दिए हैं। पुलिस भी बदमाशों की तलाश में जुट गई है।