हाथरस। दवाओं के बाद अब औषधि विभाग की नजर कॉस्मेटिक सामग्री बेचने वालों पर भी है। बुधवार को औषधि विभाग की टीम ने सासनी और रूहेरी से दो कॉस्मेटिक सामग्री और दवा की दुकानों से लिपिस्टिक और साबुन के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।औषधि निरीक्षक पूरनचंद्र ने बताया कि विभाग के असिसटेंट कमिश्वनर के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। बाजारों में कॉस्मेटिक सामान की काफी मात्रा में नकली खपाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं, जिस कारण यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि सासनी में उन्होंने दिव्या ट्रेडर्स की कॉस्मेटिक की दुकान से दो लिपिस्टिक के नमूने लिए। यहां विक्रेता खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किया। खरीद बिल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रूहेरी में साईं मेडिकल स्टोर से स्किन साइन साबुन का नमूना लिया। इन तीनों नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।