हाथरस। शहर से कामकर साइकिल द्वारा अपने गांव टुकसान को लौट रहे दो युवकों को सोमवार राम बाईपास पर एक ऑल्टो कार ने रौंद दिया। हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।सोमवार की देर रात कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव टुकसान निवासी 35 वर्षीय हरिओम और 60 वर्षीय कप्तान सिंह उर्फ करनपाल साइकिल पर सवार होकर लौट रहे थे। इस दौरान बाईपास पर गांव परताप के पास एक ऑल्टो कार ने दोनों की साइकिल को रौंद दिया। कप्तान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरिओम गंभीर रूप से घायल हुआ था। मौके पर पहुंची कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि घायल को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की रिपोर्ट भी ऑल्टो के चालक के खिलाफ कोतवाली हाथरस गेट में दर्ज कराई गई है।