हाथरस। कृषि उत्पादन मंडी समिति में खुले नाले में गाय गिरने से व्यापारियों में रोष उत्पन्न हो गया। मंडी के व्यापारियों को गाय को नाले से निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। व्यापारियों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। मंडी समिति में नाले का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन उसे ढकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। दिन हो या रात आए दिन पशु व व्यापारी नाले में गिर जाते हैं। पूरी मंडी में नाले जगह-जगह से खुले हुए हैं। हिंदू जागरण मंच के जिला कोषाध्यक्ष मनोज उपाध्याय ने कहा कि खुले नाले होने के कारण आए-दिन हादसे हो रहे हैं। वह इस संबंध में डीएम से शिकायत करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में मनोज उपाध्याय, कपिल पाठक, कलुआ, बबुआ, बीपी सिंह, ईशाक कुरैशी, दीपक, दीपक पाठक, नंद गुरु, ओंकार सिंह आदि लोग शामिल थे।