थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान गुरुवार की देर रात आगरा रोड स्थित गांव बरौस से गोवंश से भरे एक कैंटर को पकड़ लिया। कैंटर में 18 सांड ठूंस-ठूंस कर भरे थे। इन्हें कट्टी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने यह मामला पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज किया है।
गोवंश से भरा यह कैंटर गुरुवार की रात 12 बजे गांव बरौस के पास से आगरा की ओर से हाथरस की तरफ जा रहा था। पुलिस ने इस कैंटर को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नहीं रोका। पुलिस कर्मियों ने इस वाहन को घेर लिया, यह देखकर कैंटर में बैठे लोग कूदकर भागने लगे। भाग रहे एक व्यक्ति को टोल बरौस के पास से पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम साबिर अली पुत्र राहत अली निवासी गंगवार थाना हसनपुर अमरोहा बताया।
बिर ने पुलिस को बताया कि कैंटर में 18 सांड हैं, इन्हें हम जंगल से पकड़कर लाए हैं। इन्हें काटकर बेचकर पैसा कमाते हैं। साबिर ने भागे हुए व्यक्ति के नाम युसूफ पुत्र मुंशी निवासी गंगवार हसनपुर अमरोहा और दूसरे साथी का नाम नासिर पुत्र राहत अली निवासी गंगवार हसनपुर अमरोहा बताया। इधर, दो अन्य व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। इन सांडों के मुंह व पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गांव बरौस में इन सांडों को रस्सी से मुक्त कराया गया। उपनिरीक्षक रमाकांत शर्मा ने इस मामले में थाने में पशुक्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।