क्षेत्र के ग्राम तिलौठी में भैंस को बचाने में पिता-पुत्र की पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। सात फीट गहरा यह गड्ढा ईंट पथाई के लिए खोदा गया था। भैंस गड्ढे में चली गई थी, उसे बाहर निकालने के लिए पिता-पुत्र गड्ढे में उतरे थे।
दोनों को ग्रामीणों ने जैसे-तैसे गड्ढे से बाहर निकाला और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
करीब 48 वर्षीय गोपीचंद उर्फ छिंगा पुत्र बाबूराम निवासी तिलौठी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार की शाम को उनका 12 वर्षीय पुत्र तेजपाल भैंस चराने जंगल में गया था। उसके पीछे गोपीचंद्र भी चले गए।
गांव के जंगल में ईंट पथाई के लिए खोदे गए मिट्टी के करीब सात फीट गहरे गड्ढे थे, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ था। बताते हैं कि चरते-चरते भैंस अचानक पानी से भरे एक गड्ढे में घुस गई। काफी प्रयास के बाद जब भैंस नहीं निकली तो तेजपाल भैंस को निकालने के लिए गड्ढे में घुस गया, लेकिन वह गड्ढे में डूबने लगा।
बेटे को डूबता देख गोपीचंद्र भी पानी में कूद गए, लेकिन गड्ढे की गहराई में वह भी नहीं संभल सके। इधर, जब देर शाम तक पिता-पुत्र घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश की। तलाश के दौरान दोनों के शव पानी में उतराते मिले।