हाथरस। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र में लगने वाली कैलोरा हाट में ग्रामीणाें ने तीन बाइक चोरों को पकड़ लिया, जबकि इनके दो साथी एक बाइक चोरी कर ले जाने में कामयाब हो गए। तीनों चोर अलीगढ़ जिले के रहने वाले हैं और बाइक चोरी करने के बाद उन्हें काटने के लिए अलीगढ़ ले जाते हैं। पुलिस की पूछताछ में कुछ और बाइक चोरी का खुलासा हो सकता है। हसायन थाना क्षेत्र के गांव नगला केशव नगरिया निवासी योगेश कुमार पुत्र गुलाब सिंह हाट करने पहुंचे थे। उनकी बाइक चोरी होने के बाद लोग इसकी खोजबीन में लगे ही थे, तभी एक आरोपी को ग्रामीणों ने जेब काटते दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई लगाई गई और पूछताछ के बाद दो और साथी दबोच लिए गए। पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला कि यह एक बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं। इन्होंने बताया कि योगेश की बाइक इन्हीं के साथियों ने चुराई है और वह इसे कटवाने को अलीगढ़ ले गए हैं। एसओ सुधीर कुमार का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बाइक चोरी का खुलासा किया जाएगा।