मुरसान कोतवाली में लूट के बाद व्यापारियों से जानकारी करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। बाइक सवार बदमाशों ने लकड़ी व्यापारी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। डीपीएस व दर्शना गांव के बीच हुई घटना के बाद लुटे हवा में तमंचा लहराते हुए चले गए। तमंचे की बट से घायल व्यापारी के भतीजे को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं व्यापारी ने एक लाख 37 हजार 400 रुपये लूट की तहरीर थाना मुरसान में दी।
शहर के मुरसान गेट निवासी मुकेश अग्रवाल पुत्र जीवनलाल अग्रवाल की मधूगढ़ी पर लकड़ी की टाल है। रविार को मुकेश अपने भतीजे अमन अग्रवाल पुत्र प्रदीप अग्रवाल के साथ राया मथुरा लगादा करने गए थे। ताऊ व भतीजा स्कूटी पर सवार हो राया से लौट रहे थे। डीपीएस स्कूल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर स्कूटी को रुकवा लिया और अमन का हेलमेट उतार कर उसके सिर में दे मारा, जिससे अमन घायल हो गया।
ताऊ मुकेश को तमंचा दिखाकर रुपयों का बैग छीन कर लुटेरे घटना को अंजाम देकर मुरसान की ओर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी के शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस भी वहां पहुंच गई। घायल भतीजे को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं व्यापारी ने अपने साथ हुई एक लाख 37 हजार 400 रुपए लूट की घटना की तहरीर पुलिस को दी। घटना की सूचना के बाद एसपी सिद्घार्थ शंकर मीणा और सीओ सादाबाद योगेश कुमार मौके पर पहुंच गए और लूट की घटना की जानकारी ली। सीओ ने घटना स्थल का भी जायजा लिया। मुरसान थाना प्रभारी संजीव त्यागी का कहना है कि घटना को लेकर छानबीन की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही इसका खुलासा करने में सफलता मिलेगी।