खंभे से टकराकर युवक की मौत के बाद लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। जैतई रोड पर आदर्श नगर के मोड़ के पास बाइक सवार दो युवक खेत की तार बंदी के लिए लगे एक सीमेंट के खंभे से टकरा गए, इससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से उसे आगरा के लिए रैफर किया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
जानकारी के मुताबिक गांव महावतपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र बांकेलाल बिहारी उम्र करीब 30 साल और नगला महाराम खंदौली आगरा निवासी नारायण पुत्र तिवारी उम्र करीब 23वर्ष महावतपुर से अपनी बहिन के यहां आदर्श नगर सादाबाद जा रहे थे। बताते हैं कि आदर्श नगर मोड़ के पास बाइक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे एक खेत की मेढ़ के पास लगे सीमेंट के एक खंभे से टकरा गई, जिससे मौके पर ही बाइक चला रहे धर्मेंद्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा नारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल नारायण को उपचार के लिए पुलिस सीएचसी लेकर आई, जहां उसका उपचार किया गया और उसे आगरा के लिए रैफर किया गया। इधर, सीएचसी पर ही पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और घटना के बारे में परिजनों से जानकारी की। बताते हैं कि मृतक की तीन साल पहले ही शादी हुई थी और उस पर एक बच्ची भी थी।