हाथरस। चंदपा बीडीसी विजय प्रकाश निमेष के अपहरण की कोशिश के मामले में चंदपा पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। निमेष ने गुरुवार रात को ही तहरीर चंदपा पुलिस को दे दी थी। निमेष ने अपने आरोप में कहा था कि जब वह दुकान पर बैठे थे तभी दो कारों में सवार 20-25 हथियारबंद लोगों ने उनके अपहरण की कोशिश की थी। इनमें से कई लोग सिकंदराराऊ के एक नेता के करीबी थे। पुलिस के मुकदमा दर्ज नहीं करने से बीडीसी सदस्य परेशान हैं। वहीं एमएलसी चुनाव अब धीरे-धीरे पुलिस के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। चुनाव से पहले जिस तरह मतदाता सदस्यों की धर-पकड़ हो रही है, उससे चुनाव में हिंसा की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। यही नहीं इस चुनाव में मतदाता बनने जा रहे दूसरे सदस्यों के परिजन भी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित दिख रहे हैं। सदस्य मतदाताओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस की चुनौती और सख्त हो गई है। चंदपा बीडीसी की शिकायत दर्ज नहीं करने पर थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, इसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।