हाथरस। चंदपा थाना क्षेत्र में नगला भुस तिराहे पर सोमवार सुबह 11 बजे एक रोडवेज बस और बोलेरो की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनाें वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन किसी को ज्यादा चोट नहीं आईं। मामूली रूप से चोटिल आठ लोगों ने निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया है।
रोडवेज बस के चालक वीरेंद्र पुत्र राम सिंह निवासी लाड़मपुर, थाना मनियां, राजस्थान ने चंदपा पुलिस को शिकायत कर आरोपी बोलेरो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने को कहा है। वीरेंद्र ने कहा है कि वह आगरा के फाउंड्रीनगर डिपो की बस लेकर आगरा से देहरादून जा रहा था। तभी नगला भुस तिराहे पर अलीगढ़ की ओर से आ रही फीरोजाबाद जिले के नंबर की माल वाहक बोलेरो के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बस को टक्कर मार दी, जिससे बस का काफी हिस्सा टूटकर अलग हो गया। हादसे में कंडक्टर और कुछ सवारियों को चोट भी आई हैं। वीरेंद्र ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। कोतवाल एके सिंह का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध जल्द ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।