पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2018 के दौरान फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाकर भर्ती कराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य सदस्य फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस अधीक्षक घुले सुशील ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सोमवार को हुई लिखित परीक्षा के दौरान प्रेक्षक और पुलिस आब्जर्वर द्वारा सेंटर मैनेजमेंट के साथ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान आरपीएम डिग्री कॉलेज कोटा रोड हाथरस के कक्ष संख्या चार में रोल नंबर 1381070147 पर परीक्षार्थी दीपक कुमार निवासी नगला गोकुल चंद्रावर थाना बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद के स्थान पर सोनपाल सिंह निवासी सलेमपुर थाना मक्खनपुर फिरोजाबाद परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।
वहीं आरपीएम पब्लिक स्कूल के कक्ष संख्या 74 में रोल नंबर 1381040245 पर परीक्षार्थी सतेंद्र निवासी नगला अक्खी थाना शाहगंज आगरा के स्थान पर वासुदेव कुमार निवासी हाजीपुर थाना सिरदला जिला नवादा बिहार फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। इस फर्जी परीक्षा गैंग के मास्टरमाइंड अजय व रॉकी निवासीगण जहानाबाद बिहार करते हैं।
होटल में हुई डील
गिरफ्तार अभियुक्त वासुदेव ने पुलिस को बताया कि उसका साथी अजय निवासी जहानाबाद बिहार, 16 जून को योजना के मुताबिक आगरा के एक होटल में आकर रुका। अजय ने वास्तविक परीक्षार्थी सतेंद्र को होटल में बुलाकर मुलाकात कराई। यहीं परीक्षा में फजीवाड़ा करने की डील हुई। अजय और रॉकी क्लाइंट ढूंढते हैं। वासुदेव व अन्य लड़कों को दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा में बैठाया जाता है।
बायोमीट्रिक सिस्टम से खुला फर्जीवाड़ा : एसपी ने बताया कि परीक्षा के दौरान बायोमीट्रिक सिस्टम से ये लोग पकड़ में आ गए, क्योंकि इनका अंगूठा वास्तविक परीक्षार्थियों से मेल नहीं खाया था। पुलिस ने इस मामले में सोनपाल सिंह और वासुदेव कुमार को गिरफ्तार किया है। दीपक निवासी नगला गोकुल चंद्रावर थाना बसई मोहम्मदपुर जिला फिरोजाबाद व सतेंद्र सिंह निवासी नगला अक्खी थाना शाहगंज आगरा फरार बताए गए हैं। इन दोनों के कब्जे से एक फर्जी एडमिट कार्ड, फर्जी पैनकार्ड, हलफनामा आदि दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
गिरोह को पकड़ने वाली टीम
इस फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह को पकड़ने वाली टीम में आरपीएम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य हरीओम शर्मा, सेंटर मैनेजर आरपीएम डिग्री कॉलेज कुंदन सिंह, निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय पर्यवेक्षक आरपीएम डिग्री कॉलेज, राजकुमार सिंह प्रधानाचार्य आरपीएम पब्लिक स्कूल, निरीक्षक रामवीर सिंह प्रेक्षक आरपीएम स्कूल, रितेश रूसिया सेंटर मैनेजर, कांस्टेबिल स्वराज प्रजेश, कांस्टेबिल दिनेश कुमार आदि प्रमुख थे।