हाथरस। हाथरस जंक्शन पुलिस ने देर शाम भिलोखरी और मेवली में हुई लूट का खुलासा कर दिया। पुलिस ने राजपुर के पास मुठभेड़ के बाद लूट के आरोपी संजू उर्फ संजय पुत्र किशोरी लाल निवासी विधिपुर को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी पोदीना उर्फ महेश पुत्र बाबूराम, राकेश उर्फ ठेला पुत्र बाबूलाल निवासी बाग बधिक, सहपऊ भाग जाने में सफल रहे। कोतवाली हाथरस जंक्शन के प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी घर-घर घूमकर पायल चमकाने के बहाने घरों में रखे जेवर का पता लगाता था और फिर गैंग के साथ लूट को अंजाम दिया करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक किलो चांदी और 14 ग्राम सोने के जेवरात भी बरामद किए हैं। एसओ के मुताबिक आरोपी ने बताया कि मेवली में एक जनवरी को भूपेंद्र पुत्र तालेसर के घर हुई लूट को उसने पोदीना, राकेश और गौरीशंकर पुत्र हरिप्रसाद निवासी बाग बधिक के साथ अंजाम दिया था। वहीं भिलोखरी में चार जनवरी को ओमवीर पुत्र राजपाल के घर में हुई लूट को हाल ही पकड़ में आए बर्खास्त सिपाही मुख्तयार, दुर्ग सिंह, केसर और पंकज निवासीगण बाग बधिक, सहपऊ के साथ अंजाम दिया था। लूट के बाद आरोपी जेवर को सर्राफों को कम कीमत पर बेच दिया करते थे। एसओ ने बताया कि हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कई सर्राफों को लूट का जेवर बेचा गया था, जो बाद में वहां से हाथरस के सर्राफों तक पहुंच गया। एसओ सुधीर कुमार का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद जिन सर्राफों के नाम सामने आए हैं, जल्द उनसे पूछताछ की जाएगी।