हाथरस। कोतवाली चंदपा में तहसील हाथरस के लेखपाल भानुप्रताप सिंह ने गांव कुम्हरई निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देखकर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
लेखपाल की तरफ से दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह गांव कुम्हरई में नजूल भूमि एवं खाद के गड्ढों को कब्जा मुक्त कराने के लिए पैमाइश कर रहे थे। इस दौरान गांव कुम्हरई निवासी लोकेश पुत्र चंद्रपाल सिंह ने उनका फीता फेंक दिया। गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि इस बार तो छोड़ रहा हूं, लेकिन अगली बार गांव में पैमाइश के लिए आए तो अच्छा नहीं होगा। इस व्यक्ति ने ग्राम पंचायत की जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए पैमाइश भी नहीं करने दी। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसआई शरसचंद ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करा ली गई है। जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।