विकास भवन के मीटिंग हॉल में मंगलवार को ग्राम विकास विभाग की बैठक से ठीक पहले धूम धड़ाके से अफरा तफरी मच गई। यह धूम धड़ाका मीटिंग हॉल के एसी में अचानक आग लगने से हुआ।
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। करीब एक घंटे तक विकास भवन में हुई इस घटना से अफरा तफरी का माहौल रहा।
बिजली विभाग के अधिकारी व फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने विकास भवन के कर्मचारियों की मदद से करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग को काबू किया जा सका।
विकास भवन के मीटिंग हॉल में मंगलवार को ग्राम विकास विभाग की सीडीओ सतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक मीटिंग होनी थी। इसके लिए विकास भवन के कर्मियों ने हाल की लाइट चालू कर एसी आदि भी चालू किए और कुर्सी मेज की सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान मीटिंग हॉल में चेयर पर्सन की तरफ लगे एसी धुआं देने लगे। कर्मचारी जब तक इस स्थिति को कुछ समझा पाते उससे पहले एक के बाद एक तीन धमाके हो गए। जो तीन एसी का कंप्रेशर आदि फटने से हुए थे। एसी में आग लगने से मीटिंग हॉल में तेज धुआं हुआ। इस धुएं से पूरा मीटिंग हॉल भर गया। जिससे कर्मी कुछ भी समझा भी नहीं पाए।
मीटिंग हॉल से उठे तेज धुएं व धमाकों की आवाज सुनकर विकास भवन में मौजूद अधिकारी एवं कर्मचारी भी बाहर आ गए। इसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन कर विकास भवन की लाइट बंद कराई गई। अग्निशमन विभाग को भी घटना से अवगत कराया गया। सूचना पाकर अग्निशमन दल के कर्मचारी व अधिकारी मौके पर पहुंचे। विद्युत स्टेशन से विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी आ गए। करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद विकास भवन के कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका।