क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
कानपुर में आलू बेचने गए चंदपा गांव महमूदपुर ब्राह्मणान निवासी एक किसान की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में परिजनों ने किसान के साथ गए सादाबाद क्षेत्र के गांव बहादुरपुर भूप निवासी दो किसानों पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों के खिलाफ कोतवाली चंदपा में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राजकुमार (42 वर्ष) सात अप्रैल को कानपुर स्थित चकरपुर मंडी में आलू बेचने गए थे। उनके साथ सादाबाद के गांव बहादुरपुर भूप निवासी इंदल सिंह और मेंबर सिंह भी थे। बुधवार की रात को किसान राजकुमार का शव कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में मिला था। इसकी सूचना मिलने पर परिजन कानपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर गुरुवार की देर शाम गांव पहुंचे।
यहां परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप इंदल सिंह और मेंबर सिंह पर लगाया है। यहां पर पहले तो पुलिस ने घटना स्थल कानपुर होने के कारण रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया लेकिन, ग्रामीणों के आक्रोश और विरोध के बाद देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। चंदपा एसएचओ वीपी गिरी ने बताया कि घटनास्थल कानपुर का है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना कानपुर के संबंधित थाने को स्थानांतरित की जाएगी, ताकि मामले की सही विवेचना हो सके।