न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक्सीडेंट में घायल हुए बच्चे की अलीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। हतीसा बाईपास पुल के पास जेसीबी की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में परिवार के लोगों ने पुलिस कार्रवाई नहीं कराई।
चिरंजीलाल पुत्र बिद्दालाल निवासी अहवरनपुर बाइक पर सवार हो अपने साथ दो महिलाओं और बच्चे को लेकर आगरा के पीली पोखर गए थे। वहां से वह देरशाम वापस अपने गांव लौट रहे थे। इस बीच हतीसा बाईपास पुल के पास इनकी बाइक एक जेसीबी से टकरा गई, जिससे चार साल का बेटा लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया और अन्य सभी चुटैल हो गए।
सभी का जिला अस्पताल में इलाज हुआ। यहां से बच्चे को गंभीर हालत में अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में मृतक के परिजनों ने कोई पुलिस कार्रवाई नहीं कराई।