क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
हाथरस। जिला महिला अस्पताल में मेडिकल के लिए पहुंची दुष्कर्म पीड़िता को पुलिस की मौजूदगी में दुष्कर्म के आरोपी के भाई ने धमकाने की कोशिश की। पीड़िता के परिजनों ने धमकाने वाले आरोपी को धुन दिया और हाथरस गेट पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता को धमकाने वाला आरोपी मुरसान क्षेत्र के एक गांव का प्रधान है।
मुरसान क्षेत्र की एक शिक्षिका का उसके स्कूल के डायरेक्टर और उसके साले ने अपहरण कर लिया था। शिक्षिका के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने हाल ही में दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद सोमवार को शिक्षिका का चिकित्सकीय परीक्षण होना था।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी के डायरेक्टर का प्रधान भाई अस्पताल पहुंच गया और पीड़िता को चाकू निकालकर केस वापस लेने के लिए धमकाने लगा। इस पर परिजनों का पारा चढ़ गया और उन्होंने उसे धुन दिया। यह सब कुछ मुरसान पुलिस की मौजूदगी में हुआ। परिजनों ने पुलिस से लिखित शिकायत की है। कोतवाल हाथरस गेट योगेश सिरोही ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।