क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
पुलिस भर्ती परीक्षा की जांच में पुलिस ने एक और फर्जी परीक्षार्थी का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस मामले में फर्जी परीक्षार्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है। इस परीक्षार्थी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए सीओ सादाबाद योगेश कुमार ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को आदेश दिए हैं।
पुलिस ने जांच के बाद परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा देने वाले सादाबाद क्षेत्र निवासी एक परीक्षार्थी को चिन्हित किया है। उसने इस परीक्षा में अपने छोटे भाई के स्थान पर खुद पुलिस भर्ती की परीक्षा दी है। पुलिस ने बायोमैट्रिक रिकॉर्ड की जांच के बाद इस फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा है। सीओ सादाबाद योगेश कुमार बायोमैट्रिक रिकॉर्ड के आधार पर परीक्षार्थियों का सत्यापन करा रहे हैं।
इसी सत्यापन में इस फर्जी परीक्षार्थी का नाम सामने आया है। इससे पूर्व 2018 की पुलिस भर्ती परीक्षा में भी दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए थे, जबकि 2015 की पुलिस भर्ती परीक्षा के मेडिकल के दौरान भी कुछ फर्जी परीक्षार्थियाें का खुलासा हो चुका है। इस फर्जीवाड़े के खेल में बिहार के भी कुछ लोगों के नाम सामने आए थे। पुलिस फर्जीवाड़े के मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी कर चुकी है।