विकास खंड हसायन में ठेकेदार द्वारा बीडीओ से अभद्रता किए जाने के बाद एकत्रित कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Samvad
एक ठेकेदार ने भुगतान नहीं कराने पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के साथ अभद्रता कर दी और उन्हें कुर्सी उठाकर मारने की कोशिश की। घटना से कर्मचारियों में आक्रोश है और बीडीओ ने पूरे मामले से सीडीओ को अवगत करा दिया है। घटना के बाद ठेकेदार पक्ष के लोग प्रकरण में समझौता कराने के लिए कार्यालय पर जुटे रहे।
घटना बुधवार शाम करीब सात बजे मोहल्ला अहीरान स्थित ब्लॉक कार्यालय की है। उस समय बीडीओ नीरज गर्ग अपने कार्यालय में बैठे हुए थे, तभी एक ठेकेदार दो गाड़ियों में सवार लोगों के साथ कार्यालय पहुंचा और एक गांव में कराए गए कार्य का भुगतान करने के लिए दबाव बनाने लगा। बीडीओ का कहना है कि कराए गए कार्य में खामियों की वजह से भुगतान रोका गया है।
इस पर ठेकेदार आपा खो बैठा और बीडीओ से अभद्रता करने लगा। आरोप है कि उसने बीडीओ को मारने के लिए कुर्सी भी उठा ली। कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। घटना के समय ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्रपाल सिंह भी मौजूद थे। घटना से ब्लॉक कर्मचारियों व अधिकारियों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद समझौता कराने के लिए ब्लॉक कार्यालय में लोगों की भीड़ लगी रही।
बीडीओ ने बताया कि उन्होंने सीडीओ को घटना के संबंध में अवगत करा दिया है। उच्चाधिकारियों का जो भी निर्देश होगा, उसी के अनुरूप बृहस्पतिवार को कार्रवाई की जाएगी। ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्रपाल सिंह ने बताया कि कुछ पुराने मामलों को लेकर बातचीत हो रही थी, इसी दौरान दोनों पक्ष जोर-जोर से बोलने लगे, हाथापाई नहीं हुई है।
-बीडीओ ने मामले की जानकारी दी है। इसमें उन्होंने बताया है कि किसी ठेकेदार ने भुगतान को लेकर अभद्रता की है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सिकंदाराराऊ को सूचित कर दिया है। बीडीओ की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साहित्य प्रकाश मिश्र, सीडीओ।