देहात क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए बेसमेंट में हुए व्यावसायिक निर्माण की जांच होगी। जिलाधिकारी आशीष कुमार ने सभी एसडीएम से देहात क्षेत्र में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सादाबाद क्षेत्र में आगरा रोड पर व्यावसायिक भवन का निर्माण बेसमेंट के साथ हुआ है। हाथरस रोड पर नदिया के पास भी बेसमेंट में ऐसे ही निर्माण हुए हैं। कुछ नए निर्माण भी हो रहे हैं। इसी तरह मुरसान में भी कुछ ऐसे ही निर्माण बिना किसी रोक टोक के साथ हो रहे हैं। सासनी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यावसायिक भवन बनाया गया है, जिसके बेसमेंट में कई दुकानें बनाई गई हैं। देहातों के क्षेत्रों में ग्राम पंचायत व जिला पंचायत से नक्शे पास होते हैं। वहीं नगर पंचायतों के पास भी नक्शा पास करने की जिम्मेदारी है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं।
सभी तहसीलों में बने व्यावसायिक भवनों के निर्माण की जांच के लिए संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया गया है। कमी पाए जाने पर नोटिस जारी किए जाएंगे।- आशीष कुमार, डीएम।