मुरसान कोतवाली में तैनात एक पुलिसकर्मी पर फर्जी कागजातों के आधार नौकरी हासिल करने के मामले में कोतवाली हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी पुलिस कर्मी लापता है। पुलिस उक्त कर्मी की तलाश कर रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती 2018 के तहत गौतमबुद्धनगर के गांव छांयसा का रहने वाला जितेंद्र मलिक पुत्र धर्मपाल सिंह पुलिस आरक्षी के पद पर भर्ती हुआ था। उक्त मामले की शिकायत पुलिस उच्चाधिकरियों को मिली तो जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि उक्त युवक ने दस्तावेजों में जन्मतिथि में फेरबदल कर नौकरी को हासिल किया है। जांच में यह बिंदु भी सामने आया कि दो अलग शैक्षिक दस्तावेजों में अलग -अलग जन्मतिथि दर्ज कराई गई थी।
इस मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक ने की थी। जिसमें शिकायत की पुष्टि हुई। इस आधार पर उप निरीक्षक अनिल सारस्वत ने हाथरस में पुलिसकर्मी के खिलाफ दस्तावेजों में फेरबदल कर नौकरी लेने का मुकदमा दर्ज करा दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिसकर्मी लापता है।