चैत्र नवरात्र की शुरुआत बुधवार से होगी। चैत्र नवरात्र को लेकर मंदिरों में साफ-सफाई, सजावट कराई जा रही है। मंगलवार को लोगों ने पूजा पाठ के सामान की जमकर खरीदारी की। भक्तों ने पूजन सामग्री, देवी की मूर्तियां, शृंगार आदि के सामान भी खरीदा।
शहर के प्रमुख देवी मंदिर रमनपुर स्थित चामुंडा देवी मंदिर, बौहरे वाली देवी मंदिर, शीतला माता मंदिर, पथवारी देवी मंंदिर पर मंगलवार को साफ-सफाई, रंंगाई-पुताई की गई। बिजली की सजावट का काम पूरा किया गया। बुधवार से देवी मंंदिरों में काफी रौनक रहेगी। वहां भजन, कीर्तन और प्रसाद वितरण भी शुरू हो जाएगा। यह सिलसिला आने वाले नौ दिन तक चलेगा। फूलबंगला, देवी जागरण और हवन के भी आयोजन होंंगे। देवी मंदिरों में भव्य श्रंगार किए जाएंगे। घरों में पूजा अर्चना की तैयारी हो चुकी है। पहले दिन घट स्थापना की जाएगी। नौ दिन तक भक्त अज्ञारी देकर माता की आराधना करेंगे।