कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के जलेसर रोड गांव जैनगढ़ी के निकट हुई पूर्व ग्राम प्रधान की हत्या के मामले में पुलिस ने भाई की तहरीर के आधार पर पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की गई टीमें हमलावरों की खोजबीन में लगी हैं। पूर्व प्रधान की चल रही दुश्मनी के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिशें दे रही है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुआ।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला इमलिया निवासी 45 वर्षीय संजीव कुमार उर्फ संजू प्रधान पुत्र प्रवेंद्र प्रताप सिंह मंगलवार की शाम को बाइक पर सवार होकर बाघऊ निवासी अपने दोस्त के साथ बाइक पर बैठ कर घर लौट रहा था। इसी बीच जलेसर रोड पर गांव जैनगढ़ी के निकट घात लगाकर पहले से खड़े बाइक सवार हमलावरों ने संजू पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। फायरिंग से इलाके से सनसनी मच गई। आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार मौके से फरार हो गए थे। संजू की मौके पर ही मौत हो गई थी। संजू राजेश टोंटा गैंग का सक्रिय सदस्य था और हिस्ट्रीशीटर था।
पुलिस ने शव को अपनी गाड़ी में रखकर आनन-फानन में पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। कुछ ही देर बाद एएसपी प्रकाश कुमार और सीओ सदर सुरेंद्र सिंह भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस मामले में कोतवाली हाथरस गेट में मृतक के भाई निशांत की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आईजी दीपक कुमार ने दिए सख्त निर्देश
संजू की मौत ही सूचना के बाद आईजी दीपक कुमार देर रात को हाथरस आए और एसपी देवेश कुमार सहित पुलिस के अन्य अधिकारियों के साथ हत्या के मामले को लेकर जानकारी ली। वहीं हमलावरों को जल्द तलाश कर गिरफ्तार किए जाने के निर्देश के साथ साथ अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आईजी ने पुलिस के स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रातभर दौड़ती रही पुलिस, चला दबिश का दौर
पूर्व प्रधान की दिन दहाड़ेहत्या हो से पुलिस की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। संजू की हत्या के बाद जिलेभर की पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने जिले के अलावा आसपास के जनपदों में भी रातभर दबिशें दीं।
हमलावरों की गिरफ्तारी को लगीं चार टीम
सीओ सदर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों को लगाया गया है। जिसमें कोतवाली हाथरस गेट, कोतवाली सदर, कोतवाली हाथरस जंक्शन और एसओजी टीम प्रमुख हैं। इसके अलावा सर्वलांस की टीम भी इसमें लगाई गई है। जल्द ही इस मामले में सफलता मिलेगी।
पोस्टमार्टम में मिलीं छह गोली
पूर्व प्रधान संजीव के शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम में उनके शरीर से चार चोली और दो गोली पार होने के बाद मौके से मिली हैं। एक गोली पीछे बैक में फसी हुई मिली तो तीन गोली सिर में पोस्टमार्टम के दौरान मिलना बताया जा रहा है।