वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले में राशन वितरण के दौरान अनियमितता बरतने वाले कोटेदारों के खिलाफ आपूर्ति विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग की ओर से 1544 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 12 कोटेदारों के खिलाफ राशन सामग्री के वितरण में अनियमितता बरतने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि 24 कोटेदारों से 2.77 लाख रुपये की प्रतिभूति भी जब्त की गई है।
विभागीय अधिकारियों ने पिछले वर्ष में 1544 कोटेदारों की दुकानाें का निरीक्षण किया। इनमें से 12 कोटेदारों के यहां अनियमितता पाए जाने की दशा में मुकदमा दर्ज कराया गया। विभाग की ओर से कोटेदार की जमा प्रतिभूति को भी जब्त किया गया। अधिकारियों ने 2.77 लाख रुपये की प्रतिभूति जब्त की है। विभाग ने 16 कोटेदारों के लाइसेंस निलंबित किए और 24 दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। आपूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से कोटेदारों में हड़कंप मचा रहा। विभाग की ओर से सबसे ज्यादा निरीक्षण नवंबर 2022 में किए गए। नवंबर में 159 निरीक्षण किए गए हैं। दिसंबर 2022 में सर्वाधिक छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई। संवाद
कुल निरीक्षण - 1544
प्राथमिकी दर्ज - 12
प्रतिभूति जब्त - 2.77 लाख
दुकान निलंबित - 16
दुकान निरस्त - 24
सरकारी राशन वितरण में अनियमितता बरतने की शिकायत मिलते ही मामले की जांच के लिए टीमों को भेजा जाता है। इस आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
-ध्रुवराज यादव, जिला पूर्ति अधिकारी