सासनी-कैलोरा मार्ग पर शनिवार को कार ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
14 सितंबर की सुबह 45 वर्षीय जयकिशन अपने ई रिक्शा को लेकर लुटसान से सवारी भरकर सासनी आ रहे थे। जैसे ही वह गांव भोजगढ़ी के निकट पहुंचे, तभी कार ने सामने से ई रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक जयकिशन के अलावा 34 वर्षीय सुरेंद्र सिंह पुत्र रूपकिशोर, 45 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र सौदान सिंह, 29 वर्षीय संजू पुत्र शिशुपाल और 55 वर्षीय भोजराज घायल हो गए।
मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायलों के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से चार घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।