सासनी में पुलिस की अभिरक्षा में खड़े हत्या के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने कैंटर चालक से लूट की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये की नगदी, तमंचा-कारतूस व घटना में प्रयुक्त कार सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में जुट गई है।
एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि ओंकार सिंह पुत्र रामखिलाड़ी निवासी अफोया थाना हाथरस जंक्शन ने थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा कि बृहस्पतिवार की रात में वह कैंटर से फिरोजाबाद से हाथरस आ रहा था। रास्ते में थाना हाथरस गेट क्षेत्र के जलेसर रोड पर नगला खान के निकट चार कार सवार बदमाशों ने अपनी कार को ओवरटेक करके कैंटर के आगे लगा दिया। चालक ने कैंटर रोक लिया। आरोपियों ने तमंचे के बल पर कैंटर चालक से लूट की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना के खुलासे के लिए एसपी देवेश कुमार पांडे ने पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने नाम अनिल राठौर पुत्र गोपाल निवासी जलेसर रोड, आदिल पुत्र छंगा कुरैशी व रोहित पुत्र यूसुफ कुरैशी निवासीगण कांशीराम काॅलोनी थाना हाथरस गेट बताए। आरोपियों ने बताया कि उनके खर्चे पूरे नहीं हो रहे थे, इसलिए उन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने लूट के रुपयों का बंटवारा करते समय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना हाथरस गेट प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव, निरीक्षक संजय सिंह, उप निरीक्षक कृतपाल सिंह, उप निरीक्षक धीरेंद्र सिंह, उप निरीक्षक ओमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल रामहरि व कांस्टेबल सौरभ चौधरी शामिल थे।
यह हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10000 रूपए की नगदी, एक पर्स , आधार कार्ड , पीड़ित का ड्राइविंग लाइसेंस, दो तमंचे व कारतूस, घटना में प्रयुक्त डस्टर कार।