संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार पिछले साल की अपेक्षा छह हजार से अधिक परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई, लेकिन केंद्रों की संख्या में कटौती की बात विभागीय अधिकारी कर रहे हैं। जहां वर्ष 2021-22 की परीक्षा में 45,380 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, वहीं पर इस बार की वर्ष 2022-23 की परीक्षा में 51247 परीक्षार्थियों से अधिक शामिल होंगे। इस तरह परीक्षार्थियों की संख्या में पांच हजार 867 का इजाफा हुआ है।
पिछले वर्ष जिले में 93 परीक्षा केंद्र बनाए गए। इस बार यह संख्या घटकर 70 के आसपास रखने की बात कही जा रही है। जिले में छात्र-छात्राओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। सूत्र बताते हैं कि बोर्ड ने सख्त निर्देश हैं कि कम से कम परीक्षा केंद्रों पर ही परीक्षा कराई जाए।
इनका निर्धारण स्कूलों के संशोधन के आधार पर किया जाएगा। विभाग द्वारा पिछले साल बनाए गए परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कराया जा रहा है, जिसमें पिछले साल की बोर्ड परीक्षा के दौरान रही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था वाले केंद्रों को इस बात परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की बात कही जा रही है।
पिछले साल व इस बार के परीक्षार्थियों की संख्या
पिछले वर्ष हाईस्कूल के 25206 और इंटरमीडिएट के 20177 परीक्षार्थी यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए थे, जबकि इस बार अभी तक हाईस्कूल के 27097 और इंटरमीडिएट के 24150 पंजीकृत हुए हैं। इस प्रकार कुल 51247 छात्रा-छात्रा यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
तहसीलवार परीक्षार्थियों की संख्या
तहसील 10वीं के परीक्षार्थी 12वीं के परीक्षार्थी अनुमानित परीक्षा केंद्र
-- हाथरस 8865 7797 23
-- सादाबाद 8068 7875 21
-- सासनी 3065 2433 08
-- सिकंदराराऊ 7099 6045 18
-- योग 27097 24150 70
---
- इस बार की यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की अभी तक संख्या 51247 है। यह संख्या पिछले साल की अपेक्षा 5867 अधिक है। वहीं केंद्रों की संख्या में कमी की जाएगी। जो अच्छे व सुविधाओं से पूर्ण विद्यालय हैं, उन्हीं को परीक्षा केंद्र रखा जाएगा।
-रीतू गोयल, डीआईओएस