एमजी पॉलीटेक्निक से पोलिंग पार्टी की रवानगी के दौरान आगरा रोड पर लगाई बैरिकेडिंग। संवाद
- फोटो : Samvad
लोकसभा चुनाव के लिए आगरा रोड स्थित एमजी पॉलीटेक्निक से पोलिंग पार्टियों की रवानगी के मद्देनजर आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग से रोडवेज बसों और अन्य भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तित रहा। आगरा और अलीगढ़ की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें मथुरा रोड पर बाईपास के हतीसा पुल से होकर निकाली गईं। इधर, शहर के रोडवेज बस स्टैंड सहित अन्य ठहराव स्थलों पर यात्री बसों के इंतजार में परेशान रहे।
मार्ग परिवर्तन की जानकारी होने पर यात्रियों को बस पकड़ने के लिए बाईपास के आगरा रोड स्थित नगला भुस, अलीगढ़ रोड स्थित रुहेरी, मथुरा रोड स्थित हतीसा कट और इगलास रोड कट तक दौड़ लगानी पड़ी, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और पैसा भी खर्च करना पड़ा। आगरा रोड स्थित एमजी पॉलीटैक्निक पर सुबह छह बजे से ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए कर्मचारियों का आगमन शुरू हो गया था। इसके मद्देनजर पुलिस ने सुबह से ही बड़े वाहनों का आवागमन इस रास्ते से बंद कर दिया। रोडवेज बसों तक को यहां से गुजरने नहीं दिया गया।
इसके चलते आगरा रोड पर जाने वाले व वहां से आने वाले वाहनों को मथुरा रोड के हतीसा पुल का रास्ता लेना पड़ा। इसके चलते वाहनों को लगभग चार किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ा। रोडवेज बस स्टैंड से मीतई तक के यात्रियों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। उन्हें बीच रास्ते से वाहन नहीं मिले। इसके लिए उन्हें रोडवेज बस स्टेंड या नगर भुस तक की दौड़ लगानी पड़ी। मंगलवार शाम पांच बजे के बाद आगरा रोड पर बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा। सभी पोलिंग पार्टियों के पॉलीटैक्निक मैदान तक पहुंचने के बाद ही आगरा रोड मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सकेगा।
वाहनों के लौटने से बार-बार लगा जाम
आगरा रोड पर बैरिकेडिंग से वाहनों को मोड़ा गया। इसके चलते आगरा रोड पर डीआरबी इंटर कॉलेज और गिजरौली की ओर बार-बार जाम लगता रहा। इस दौरान बार-बार पुलिस को जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी। पोलिंग पार्टियां को लेकर रवाना होने वाले वाहन भी आगरा रोड पर आपस में बार-बार उलझे। इसके चलते यहां जाम की स्थिति पैदा हुई, लेकिन पुलिस को मशक्कत के साथ वाहनों को व्यवस्थित कर निकालना पड़ा।