हाथरस-सिकंदराराऊ मार्ग स्थित कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के बहेटा रजबहे के निकट बुधवार की दोपहर को सवारियों से भरी एक रोडवेज बस का टायर फट गया। बस अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में फंस गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार चार यात्री मामूली रूप से चोटिल हो गए।
गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर भेजकर बस को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बुधवार की दोपहर को हाथरस डिपो की एक बस यात्रियों को लेकर सिकंदराराऊ जा रही थी। बस जैसे ही सिकंदराराऊ रोड पर कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के बहेटा रजबहे पर पहुंची।
तभी अचानक बस का टायर फट गया। बस अनियंत्रित हो गई। यह देख चालक के हाथ-पांव फूल गए। उसने पर बस पर नियंत्रण करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद बस एक गड्ढे में उतर गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार सवारी मामूली रूप से घायल हो गए। कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस भी मौके पर पहुंच और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। इसके बाद बस का टायर बदला गया और बस को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।