सिकंदराराऊ के मोहल्ला रोशनगंज में खंभा टूटने से सड़क पर गिरी बंच केबल। संवाद
- फोटो : samvad
सिकंदराराऊ। नगर की बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट रही। मोहल्ला रोशनगंज में बिजली का खंभा टूटने से बंच लाइन टूटकर सड़क पर आ गिरी। गनीमत रही कि उस समय ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना गंभीर हादसा हो सकता था।
बता दें कि जब से बारिश का दौर शुरू हुआ है, तब से बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। पहले रात के वक्त बिजली सही आती थी, लेकिन पिछले सप्ताह से रात में भी कटौती चालू हो गई है। शनिवार की रात रात राठी चौराहा, हुुरमतगंज और पुरानी तहसील क्षेत्र की बिजली बाधित रही। लोगों को पूरी रात दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
10 से 15 मिनट के अंतराल पर बिजली की आवाजाही का खेल चलता रहा। नगर के मोहल्ला रोशनगंज स्थित पुराने डाकघर के पास जर्जर खंभा गिर गया। इस कारण आगे जा रही बंच लाइन सड़क पर आ गिरी। शाम तक इसे ठीक नहीं किया गया है। इस कारण मंडी गाधीगंज और रोशनगंज की बिजली ठप रही।
व्यापारी नेता संजीव महाजन का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों को यह समस्या झेलनी पड़ रही है। ठेका कर्मी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। जहां उनको लालच होता है, वहां तत्काल पहुंच जाते हैं। जहां लालच नहीं होता, वहां दो दिन तक नहीं जाते। इसी तरह बिजलीघर पर नई दो वीसीबी आई रखी हैं, लेकिन उन्हें स्थापित नहीं किया जा रहा। इनके लगने से फॉल्ट कम होंगे और बिजली ज्यादा मिलेगी। संवाद