कोतवाली क्षेत्र का गांव भूपालगढ़ी सोमवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां जमीन विवाद में एक चचेरे देवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी प्रकाश कुमार एवं सीओ ब्रह्म सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका डॉली देवी (40) के सगे देवर राकेश कुमार ने अपने चचेरे भाई सन्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राकेश ने बताया कि उसकी मां मुन्नी देवी व विपक्षी सुशील पुत्र ओमप्रकाश के मध्य जमीन विवाद का मामला एसडीएम की अदालत में विचाराधीन है।
सोमवार को सुबह साढ़े छह बजे विपक्षी सुशील अपनी दबंगई के बल पर कब्जा लेने की नीयत से अपने साथ सनी पुत्र प्रमोद, सौरभ पुत्र सुशील, प्रमोद कुमार पुत्र छत्रपाल, विनीत पुत्र सुरेश निवासी गांव भुुपालगड़ी के सात अपने हाथों में तमंचे लेकर पहुंचा और जमीन पर मिट्टी डलवाने लगा।
विरोध करने पर उसने फायरिंग कर दी। सनी के हाथ में लगे तमंचे की गोली उसके भाई विजय कुमार की पत्नी डॉली देवी के पेट में लग गई। सीएचसी लाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोलियां चलते ही गांव में भगदड़ मच गई।
मौके पर तत्काल कोतवाली पुलिस पहुंच गई तथा दो नाजमदों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के मध्य जमीन विवाद चल रहा है। विवाद के चलते दोनों पक्षों के लोगों का पहले भी शांतिभंग में चालान किया गया था।