दाऊजी मंदिर प्रांगण का निरीक्षण करते एसडीएम सदर। संवाद
- फोटो : samvad
ब्रज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन को लेकर बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मेले की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। समाजसेवियों और कार्यक्रमों के पूर्व संयोजकों ने विचार साझा किए।
आयोजित बैठक में समाजसेवियों की ओर से मुख्य रूप से मेला आयोजन से पूर्व मेला परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। एसडीएम सदर रावेंद्र कुमार ने मेला परिसर में व्यापक स्तर से सफाई कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस साल बल्देव छठ 21 सितंबर से मेले का आयोजन किया जाना है। मेले को भव्य एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी के विचारों को अमल में लाया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि मेले को जनसहभागिता से भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। कोई भी ऐसा आयोजन नहीं कराया जाएगा, जिससे मेले में शांति भंग होने का अंदेशा रहे। बैठक में शहर जनप्रतिनिधिगण, आजीवन सदस्यगण, संभ्रांत नागरिक भी शामिल रहे।
बृहस्पतिवार की दोपहर को एसडीएम सदर ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने ईओ नगर पालिका नवनीत शंखवार को मेला परिसर में सफाई व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला आयोजन में अब लगभग एक माह का समय रह गया है। मेला परिसर स्थित पंडाल से गोशाला को शिफ्ट कराए जाने के काम की प्रगति को तेज करने पर जोर दिया। यहां फैली गंदगी को जल्द साफ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किला परिसर में अतिक्रमण की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि यहां मौजूद अस्थायी अतिक्रमण को भी हटाया जाना चाहिए।